पोस्ट ऑफिस में 6.51 लाख का गबन,फर्जी निकासी-जमा से ग्राहकों को चूना,डाकपाल फरार केस दर्ज

कोरबा। भिलाईबाजार शाखा डाकघर में कार्यवाहक डाकपाल रवि कुमार तंडेल ने मात्र तीन माह के कार्यकाल में उपभोक्ताओं की जमा राशि पर डाका डालते हुए कुल 6 लाख 51 हजार रुपये की शासकीय रकम गबन कर ली।

बचत खाता, टीडी खाता और महिला सम्मान सर्टिफिकेट खातों से फर्जी हस्ताक्षर, निकासी फॉर्म और पासबुक अपने पास रखकर ठगी की। हरदीबाजार थाने में धारा 409 भादवि (अमानत में खयानत) के तहत एफआईआर दर्ज। आरोपी फरार।

आरोपी रवि कुमार तंडेल (ग्रामीण डाक सेवक) 23 मई 2023 से 10 अगस्त 2023 तक भिलाईबाजार लेखा कार्यालय कुसमुण्डा कॉलरी में कार्यवाहक शाखा डाकपाल रहा। इस दौरान उसने कई ग्राहकों को निशाना बनाया।

कंचन बाई यादव (ग्राम केशला) के बचत खाते से 9 अगस्त 2023 को फर्जी हस्ताक्षर कर 5,000 रुपये निकाले।

पासबुक डाकपाल के पास थी। रवि ने परिवार की बीमारी व बैलेंस मिलाने का बहाना बनाया।

कुंती बाई पादव (ग्राम भिलाईबाजार) के खाते से उसी दिन 20,000 रुपये की फर्जी निकासी। पासबुक अपने पास रखी, इलाज का हवाला दिया।

मालती साहू (बस्तीपारा भिलाईबाजार) के खाते से 26, 27 जुलाई, 5 व 9 अगस्त 2023 को चार बार में 80,000 रुपये (हर बार 20 हजार) फर्जी निकासी।

पुसउ राम (ग्राम भिलाईबाजार) ने 1 अगस्त 2023 को 50,000 रुपये जमा किए, लेकिन एंट्री नहीं हुई। बाद में 4,000 रुपये लौटाए, 46,000 रुपये गबन कर फरार।

हराबाई कंवर (ग्राम बरभाठा) से 10 जून 2023 को 3 लाख रुपये नए टीडी खाते के लिए लिए, लेकिन खाता नहीं खोला। एसबी-26 की जगह जमा पर्ची थमाकर “सर्वर डाउन” का बहाना बनाया।

कु. सीपी अग्रवाल (पिता शिवकुमार अग्रवाल, भिलाईबाजार) से 2 लाख रुपये महिला सम्मान सर्टिफिकेट खाते के लिए लिए, फॉर्म अपने पास रखा, खाता नहीं खोला।

सभी मामलों में जमा राशि तुरंत खातों में नहीं डाली गई और फर्जी पावतियां देकर विश्वास तोड़ा। शिकायत पर जांच में गबन उजागर हुआ। रवि कुमार कार्यस्थल व घर से फरार है। पुलिस तलाश कर रही है।