कोरबा। जिले में एकीकृत बाल विकास परियोजना (शहरी) के तहत आंगनबाड़ी पालना केंद्रों में रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया को गति देने के लिए अनंतिम मूल्यांकन पत्रक जारी कर दिया गया है। निगम क्षेत्र में पालना कार्यकर्ता के 12 तथा पालना सहायिका के 12 पदों पर आवेदन प्राप्त होने के बाद जांच एवं मूल्यांकन के बाद यह सूची तैयार की गई है। अब अभ्यर्थियों को दावा-आपत्ति दर्ज करने का अवसर प्रदान किया गया है, ताकि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बने।
परियोजना अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त आवेदनों की जांच उपरांत तैयार अनंतिम मूल्यांकन पत्रक पर किसी भी प्रकार की आपत्ति या दावा 12 नवंबर से 21 नवंबर 2025 तक दर्ज किया जा सकता है। दावा-आपत्तियां कार्यालयीन दिनों में प्रात: 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय, कोरबा (शहरी) में लिखित रूप में जमा की जा सकती हैं। आपत्तियों के साथ आवश्यक प्रमाण-पत्र संलग्न करने होंगे, ताकि मूल्यांकन समिति द्वारा त्वरित निराकरण किया जा सके।
अनंतिम मूल्यांकन पत्रक अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय, नगर निगम कोरबा तथा नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के सूचना पटलों पर प्रदर्शित कर दिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी इन स्थानों पर जाकर अपनी स्थिति की जांच कर सकते हैं।
परियोजना कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा के बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा, इसलिए सभी को निर्धारित अवधि में ही कार्रवाई करने की सलाह दी गई है।
यह भर्ती प्रक्रिया महिला सशक्तिकरण और बाल विकास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। पालना कार्यकर्ता एवं सहायिका के पदों पर चयनित उम्मीदवारों को आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की देखभाल, पोषण एवं शिक्षा संबंधी कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। जिले में आंगनबाड़ी भर्तियों के लिए लगातार प्रयास जारी हैं, और इस प्रक्रिया में शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है।
परियोजना अधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सूची का अवलोकन करेंऔर यदि कोई त्रुटि याअसंतोषजनक मूल्यांकन हो, तो सप्रमाण दावा दर्ज करें। यह कदम न केवल चयनित उम्मीदवारों के हित में है, बल्कि समग्र प्रक्रिया की विश्वसनीयता को भी सुनिश्चित करेगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी परियोजना कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















