बुधवारी बाजार से हटेगा बेजा कब्जा, बाउंड्रीवॉल से मिलेगी जाम से निजात

कोरबा । कोरबा नगर निगम ने बुधवारी बाजार मुख्य मार्ग के किनारे बाउंड्रीवॉल बनाने का काम शुरू कर दिया है।

फुटपाथ की दुकानों को हटाया जा रहा है, ताकि अतिक्रमण पर रोक लगे। लेकिन अभी भी लोग सड़क पर वाहन पार्क करके खरीदारी कर रहे हैं, जिससे रोज जाम लग रहा है और लोग परेशान हैं।

बुधवारी बाजार में नॉनवेज मार्केट के साथ थोक सब्जी मंडी लगती है। दिनभर भीड़ रहने से फुटपाथ पर फल दुकानें और गुमटियां लग जाती हैं। नो पार्किंग एरिया में भी वाहन खड़े हो रहे हैं। यही समस्या वीआईपी रोड पर भी है, जहां रेलिंग लगने के बाद फिर से सब्जी-फल की दुकानें शुरू हो गईं।

अतिक्रमण हटाने के बाद दो-तीन दिन दुकानें बंद रहती हैं, फिर पहले जैसा हो जाता है।

निगम ने बाजार व्यवस्थित करने 82 लाख रुपए खर्च कर फुट ओवरब्रिज और वाहन स्टैंड बनाया, लेकिन इसका उपयोग नहीं हो रहा। लोग सड़क किनारे पार्किंग कर खरीदारी करते हैं। अब बाजार को दोनों ओर बाउंड्रीवॉल से घेरा जा रहा है, ताकि फुटपाथ और सड़क सुरक्षित रहे। आने वाले दिनों में सड़क पर पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई होगी।

फुटपाथ पर अब भी कब्जा
बुधवारी बाजार से घंटाघर और सुभाष चौक तक फुटपाथ पर अतिक्रमण बरकरार है। रोज नए ठेले लग रहे हैं। नोटिस के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही। कांक्रीट और पेवर ब्लॉक वाले फुटपाथ पर भी कब्जा है।

यातायात की समस्या न हो, इसके लिए प्रयास
नगर निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने बताया, “बुधवारी बाजार को व्यवस्थित किया जा रहा है। आगे यातायात की समस्या न हो, इसके लिए प्लान बनाकर काम कराया जा रहा है।”