रायपुर । राजधानी के कबीर नगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाले हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। सड़क किनारे लंबे समय से खुले पड़े गड्ढे में फिसलकर दो छोटे बच्चों की मौत हो गई। बारिश का पानी भरने से गड्ढा और खतरनाक हो गया था, जिसमें खेलते-खेलते दोनों मासूम मौत के मुंह में समा गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने रिंग रोड नंबर-1 पर चक्काजाम कर प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह कबीर नगर में यह दुखद घटना हुई। पास में खेल रहे दो बच्चे अचानक फिसलकर गड्ढे में गिर गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन गहरा पानी होने से दोनों डूब गए।
सूचना पर पुलिस और बचाव टीम मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकाला। कबीर नगर थाना प्रभारी सुनील दास ने कहा, “सुबह घटना की सूचना मिली। टीम ने तुरंत एक्शन लिया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच जारी है।”
लोगों का आरोप है कि इस गड्ढे की शिकायत नगर निगम को कई बार की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर सड़क जाम की और दोषियों पर सख्त एक्शन की मांग की। साथ ही सभी खुले गड्ढों को फौरन भरने की मांग उठाई। पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर कई घंटे बाद जाम हटवाया।
मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है। घरों में मातम और इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। पड़ोसी सांत्वना देने पहुंचे हैं। लोगों का कहना है कि समय पर गड्ढा भर दिया जाता तो दो जिंदगियां बच सकती थीं। प्रशासन की अनदेखी पर भारी नाराजगी जताई जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















