कोरबा। जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम जवाली के सरइपाली मोहल्ले में एक अनियंत्रित ट्रक ने पानी टंकी के पास लगे 25 केवीए ट्रांसफार्मर डीपी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे से मुढ़ाली फीडर की 11 केवी लाइन पूरी तरह ठप हो गई, जिसके चलते लाइन से जुड़े तीन अन्य ट्रांसफार्मरों की बिजली आपूर्ति भी बंद हो गई। परिणामस्वरूप जवाली सहित आसपास के कई ग्रामों में घना अंधेरा छा गया।
घटना में क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर की मरम्मत में काफी समय लगने की संभावना है। बिजली विभाग को इस दुर्घटना से करीब 1 लाख 70 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। जवाली क्षेत्र के कार्यपालन यंत्री ने इस मामले में बांकीमोंगरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें ट्रक चालक की लापरवाही से बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर को हुए नुकसान का उल्लेख किया गया है।
ग्रामीणों में आक्रोश, बिजली व्यवस्था पर सवाल
बिजली गुल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरेलू कामकाज से लेकर खेती-किसानी तक सब ठप है। जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पहले से ही चरमराई हुई है।
ग्रामीण इलाकों में तो स्थिति और भी बदतर है। विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा का मोरगा क्षेत्र आज भी पड़ोसी जिला सूरजपुर की बिजली पर निर्भर है, जहां एक-दो दिन तक बिजली गुल रहना आम बात है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि उनके क्षेत्र में स्थानीय सबस्टेशन से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बार-बार बिजली कटौती से त्रस्त लोग प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल सुधार की गुहार लगा रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















