हरदीबाजार में आवारा कुत्तों का आतंक: दो दिनों में 12 से अधिक लोग घायल

कोरबा। जिले के पश्चिम क्षेत्र में स्थित हरदीबाजार में आवारा कुत्तों की बेखौफ फौज ने लोगों का जीना हराम कर दिया है। बस स्टैंड और अस्पताल रोड जैसे व्यस्त इलाकों में घूमने वाले इन पागल कुत्तों के झुंड ने दो दिनों में ही 12 से अधिक लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। स्थानीय निवासी इन आवारा स्वानों से बेहद परेशान हैं और तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को अस्पताल रोड पर एक पागल कुत्ते ने एक व्यक्ति को काट लिया,जिसे तुरंत हरदीबाजार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

स्वास्थ्य केंद्र के सहायक चिकित्सा अधिकारी डॉ. युधेश सांडे ने बताया कि पिछले दो दिनों में करीब 12 लोग कुत्तों के हमले का शिकार होकर इलाज के लिए पहुंचे हैं। सभी घायलों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिए गए हैं। डॉ. सांडे ने लोगों से अपील की है कि आवारा कुत्तों से सावधान रहें और हमला होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हरदीबाजार क्षेत्र में कुत्तों की बढ़ती संख्या एक गंभीर समस्या बन चुकी है। बस स्टैंड पर यात्रियों को विशेष रूप से खतरा है, जहां ये कुत्ते अचानक हमला कर देते हैं।

प्रशासन से मांग की जा रही है कि इन आवारा कुत्तों को पकड़ने और नियंत्रित करने के लिए त्वरित अभियान चलाया जाए। स्वास्थ्य विभाग ने भी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि रेबीज जैसी घातक बीमारी से बचाव के लिए सतर्कता बरतें।