कोरबा। करतला वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत बोतली में शुक्रवार देर रात हाथियों के झुंड ने कहर बरपाया। झुंड को भगाने के प्रयास में एक युवक शिवनारायण राठिया (36 वर्ष) की हाथी के कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से बोतली गांव के आसपास हाथियों का झुंड घूम रहा था। शुक्रवार रात झुंड अचानक गांव में घुस आया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी फैल गई।
ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से हाथियों को भगाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान एक हाथी ने शिवनारायण राठिया पर हमला कर उन्हें कुचल दिया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना पर रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया ने गहरा शोक जताया। वे घटनास्थल पर पहुंचे, मृतक के परिजनों से मिले और उन्हें सांत्वना दी।
विधायक ने परिवार को ₹25,000 की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की तथा वन अधिकारियों को हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा, “शिवनारायण राठिया की मौत से बेहद दुख हुआ। पहले भी मैंने शासन को पत्र लिखकर मानव जनहानि पर मुआवजा ₹50 लाख और फसल नुकसान पर प्रति एकड़ ₹50 हजार करने की मांग की है।” क्षेत्र में हाथी मानव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने त्वरित कार्रवाई की मांग की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















