मतदान के अधिकार से कोई पात्र नागरिक वंचित न हो : हर्षिता पाण्डेय

भाजपा कार्यालय में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यशाला

कोरबा। निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ में भी विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर की प्रक्रिया शुरू की गई है। वास्तविक मतदाता को अधिकार दिलाना इसका उद्देश्य है।

जिला भाजपा कार्यालय कोरबा में संगठन ने एक कार्यशाला आयोजित कर अपने कार्यकर्ताओं को तकनीकी जानकारी दी। राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय ने यहां कहा कि पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिले और अपात्रों के नाम सूची में जुड़ न सके। यह प्रत्येक की कोशिश होना चाहिए।

कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया। संक्षिप्त प्रतिवेदन के बाद प्रदेश मंत्री हर्षिता ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पारदर्शी, सशक्त और सहभागी लोकतंत्र की दिशा में कार्य कर रही है। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। यह अभियान केवल संगठनात्मक नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित होकर लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने में अपना योगदान दे रहा है। मतदाता सूची पुनरीक्षण केवल तकनीकी कार्य नहीं,बल्कि यह राष्ट्रनिर्माण की दिशा में हर नागरिक को जोडऩे का अभियान है।

कार्यशाला में एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, रुकमणी नायर, योगेश मिश्रा, डिलेन्द्र यादव, परविंदर सिंह, रामशंकर साहू, नवनीत शुक्ला, उत्तम जायसवाल, सूरज पांडेय, प्रदीप सिंह, प्रमीला सागर, सुकेश दलाल, अर्जुन गुप्ता व अन्य लोग उपस्थित रहे।