बालको में धर्मांतरण विवाद पर चक्काजाम,हिंदू संगठन की नारेबाजी के बाद मसीही समाज का प्रदर्शन; पुलिस करेगी जांच

कोरबा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आए दिन धर्मांतरण के मामले सामने आ रहे है और इसे लेकर तनाव के साथ बहुत कुछ हो रहा है। कुछ प्रकरणों में पुलिस ने कार्यवाही भी की है। शनिवार को बालको के शांतिनगर इलाके में धर्मांतरण की खबर पर एक संगठन के लोगों ने जमकर नारेबाजी की।

किसी तरह इसे शांत कराया जा सका। कुछ घंटे बाद मसीही समाज ने बालकोनगर के परसाभांठा में मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने दोषियों पर कार्यवाही की मांग की। पुलिस ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जाएगी।

बालकोनगर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को यह सब घटनाक्रम हुआ। जिस तरह की सूचनाएं मिली, उनमें कहा गया कि शांतिनगर इलाके में मिशनरी से जुड़े कुछ लोगों द्वारा अन्य वर्ग को अपने साथ लिया गया और उनका धर्मांतरण कराने की कोशिश की जा रही थी। एक हिन्दू संगठन से संबंधित सदस्यों को इसकी खबर हुई तो कुछ देर में वे यहां पहुंचे। पता चला कि उन्होंने नारेबाजी के साथ यहां का हालचाल भी जाना। आरोप-प्रत्यारोप के साथ बहसबाजी हुई। खबर तो यह भी है कि स्थिति असामान्य हो गई थी जिस पर अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया।

इसके बाद नारेबाजी करने वाले लोग यहां से चले गए।
इसके कुछ घंटे बाद मसीही समाज के लिए काम करने वाले चर्च से संबंधित लोगों ने इस घटना के विरोध में परसाभांठा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। वे पूरी सडक़ घेरकर जम गए जिससे दोनों तरफ गाडिय़ों की आवाजाही बाधित हो गई। उन्होंने इस दौरान कई लोगों पर अभद्रता करने के आरोप लगाए और मौके पर धर्मांतरण जैसी कोई गतिविधि न होने की सफाई दी।

एक प्रतिनिधि का कहना था कि हम लोगों की मासिक बैठक थी जिसमें क्रिसमस की तैयारी पर चर्चा हो रही थी। जबकि जो लोग यहां पहुंचे थे उन्हें गलत जानकारी मिली थी।

प्रदर्शन करने वालों ने कहा कि काफी समय से हमारे कार्यों को गलत बताया जा रहा है और शिकायत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शन की खबर होने पर पुलिस हरकत में आई।

सीएसपी भूषण एक्का यहां पहुंचे और स्थिति को संभाला। उन्हें एक ज्ञापन भी यहां पर दिया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि कई तरह की बातें सामने आई है। तथ्यों की जांच-पड़ताल के साथ आगे कार्यवाही करेंगे।