मां की शिकायत पर बेटा और दोस्त गिरफ्तार, मछली चुराकर शराब पार्टी; जेल भेजे गए

कोरबा।मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक मां की हिम्मत ने नशे की लत में डूबे बेटे को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। रेलवे कॉलोनी बंद फाटक के पास रहने वाली पीर रोहिदास ने अपने 25 वर्षीय बेटे राजा रोहित दास और उसके दोस्त शिवकुमार यादव पर घर से सुसकी (मछली) चोरी कर शराब पीने का आरोप लगाया। गरीबी में जीवनयापन करने वाली यह महिला बाजारों में मछली बेचकर परिवार चलाती है, लेकिन घरेलू चोरियां उसे लगातार परेशान कर रही थीं।

शुक्रवार को मानिकपुर बाजार से लौटने पर पीर रोहिदास ने देखा कि कमरे में रखी सुसकी गायब है। घरवालों से पूछताछ बेकार रही तो वे सीधे मानिकपुर चौकी पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मां को पहले से शक था कि छोटा बेटा ही चोरी कर रहा है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि राजा रोहित दास (जो ट्रेनों में बूट पॉलिश करता है) और उसका दोस्त शिवकुमार यादव (राजमिस्त्री) मिलकर मछली चुराते थे, बेचते थे और पैसे से शराब पीकर पार्टी मनाते थे। दोनों आदतन शराबी हैं।

एएसआई कुलदीप तिवारी ने बीएनएस की धारा 126 और 135/3 के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेशी के बाद जमानत न मिलने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने कहा, “मां की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की गई। आरोपी घर का सामान चुराकर बेचते थे, जिससे परिवार त्रस्त था।” यह घटना नशे की लत और पारिवारिक कलह की गंभीर समस्या को रेखांकित करती है। पुलिस ने आगे की जांच जारी रखी है।