कोरबा।कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मोती सागर पारा बस्ती में शुक्रवार देर रात परिवारिक झगड़े से परेशान 30 वर्षीय युवक शनि गोंड ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनि पिता महंगू गोंड का पुत्र था और घर से थोड़ी दूरी पर चाय की दुकान चलाकर परिवार का पेट पालता था।
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु जिला मेडिकल कॉलेज भेजा गया। परिजनों के बयान दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह शनि रोज की तरह दुकान खोलकर बैठा था। इसी दौरान उसे पता चला कि घर में परिजन आपस में किसी बात को लेकर विवाद कर रहे हैं। यह सुनकर वह गुस्से में घर लौटा और अपने कमरे में बंद हो गया। घरवालों ने समझा कि वह क्रोध में सो रहा होगा। लेकिन देर रात तक दरवाजा न खुलने पर चिंता हुई और पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो शनि कमरे में पाइप पर रस्सी के फंदे से लटका हुआ था। परिजन देखते ही बेहोश से हो गए और रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बस्ती में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
स्थानीय लोग बताते हैं कि शनि मेहनती और घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था, लेकिन परिवार के लगातार झगड़ों से वह बेहद परेशान रहता था। इस बार का विवाद इतना गहरा था कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया, “परिजनों के बयान लिए गए हैं। आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।”
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
