नगर निगम में 5 माह से सामान्य सभा नहीं: नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने कलेक्टर-सभापति को लिखा पत्र

कोरबा। नगर निगम कोरबा के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू को इस बात से दिक्कत है कि 5 महीने बीतने के बाद भी सामान्य सभा की बैठक नहीं कराई जा रही है। जबकि अब तक 2-3 बैठक तो हो ही जाना था। सामान्य सभा की बैठक न होने से जनहित से जुड़े विभिन्न कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहे है।

उन्होंने कहा कि सामान्य सभा में पूर्व निर्धारित विषयों के अतिरिक्त भी अनेक जनहित के एवं विकास कार्यों के प्रस्ताव पार्षदगण द्वारा प्रस्तुत किए जाते हैं एवं निगम क्षेत्र में संचालित कार्यों की समीक्षा की जाती है।

सभा की बैठक नहीं होने के कारण जनहित के महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लंबित है। निगम के कार्यों में भी विलंब हो रहा है।

साहू ने सामान्य सभा की बैठक आयोजित करने के लिए कलेक्टर सहित नगर निगम के सभापति को पत्र लिखा है।