15 नवंबर से धान उपार्जन शुरू: 65 केंद्रों पर खरीदी, कटाई ने पकड़ा जोर

कोरबा। कोरबा जिले में खरीफ सीजन की धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। जिले की 49 समितियों के माध्यम से 65 उपार्जन केंद्रों पर किसान अपनी उपज बेच सकेंगे। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इधर, ग्रामीण क्षेत्रों में धान कटाई का काम तेजी पकड़ रहा है।

जिले में करीब 1.5 लाख किसानों ने धान बिक्री के लिए पंजीकरण कराया है। औद्योगिक पहचान के बावजूद कोरबा में 2 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि पर कृषि होती है।

प्रशासन ने सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं, ताकि किसानों को कोई असुविधा न हो।

ग्रामीण अंचलों में खेतों में पकी धान की फसल कटाई शुरू हो गई है। कई जगहों पर गठ्ठर बनते दिख रहे हैं। कुछ किसानों ने बताया कि इस बार फसल अच्छी हुई है, लेकिन हर क्षेत्र में उत्पादन एकसमान नहीं है। कुछ इलाकों में मौसम और सिंचाई की कमी से उपज प्रभावित हुई है।

किसान 15 नवंबर से अपनी धान लेकर उपार्जन केंद्रों पर पहुंचेंगे। प्रशासन ने बारदाने, तौल व्यवस्था और भुगतान प्रक्रिया को सुचारू बनाने के निर्देश दिए हैं। जिला सहकारी बैंक और खाद्य विभाग मिलकर उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाएंगे।