कोरबा। 15 नवंबर से कोरबा जिले में धान खरीदी 49 समितियों के 65 उपार्जन केन्द्रों में शुरू होना है। इससे पहले प्राथमिक तैयारियां पूरी की जा रही है। कलेक्टर अजीत वसंत ने व्यवस्थित खरीदी को लेकर संबंधितों की बैठक ली।
उन्हें कहा गया कि पारदर्शिता और बेहतर सिस्टम के साथ खरीदी की जाए। इस बात का ध्यान रखें कि किसानों को खरीदी से लेकर भुगतान की प्रक्रिया में दिक्कत न हो।
कलेक्टर अजीत वसंत ने एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन हेतु शेष पात्र किसानों का पंजीयन भी जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए कहा। धान खरीदी कार्य में सभी राजस्व अधिकारियों को खरीदी के शुरुआत से ही सक्रिय रहने, अवैध धान के आवक पर रोक लगाने और पात्र किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी ना हो, इस बात का विशेष ध्यान रखने की बात कही।
उन्होंने सभी तहसीलदारों को नक्शा बटांकन के कार्यो को गम्भीरता से लेते हुए अगले 15 दिवस में जिले में अभियान चलाकर नक्शा बटांकन के कार्यो में उल्लेखनीय प्रगति लाने, राजस्व निरीक्षक, पटवारियों को सक्रियता से कार्य करने एवं तत्परता से कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने सभी तहसीलों में लंबित 1 से 3 वर्ष, 3- 5 वर्ष एवं 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित भू अर्जन सहित अन्य राजस्व प्रकरणों के निराकरण में राजस्व अधिकारियों को व्यक्तिगत रुचि लेते हुए शीघ्रता से निराकृत करने की बात कही। त्रुटि सुधार के आवेदनों को भी गम्भीरता से निराकरण करने के लिए कहा।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी कटघोरा तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर कटघोरा ओंकार यादव, सभी एसडीएम, प्रभारी अधिकारी भू अभिलेख, अधीक्षक भू अभिलेख, सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















