रेल हादसे की जिम्मेदारी तय हो, निष्पक्ष जांच जरूरी: सांसद ज्योत्सना महंत

कोरबा। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में गतौरा स्टेशन के पास मंगलवार को हुई मेमू ट्रेन और मालगाड़ी की भयावह टक्कर पर गहरी चिंता जताई है। इस हादसे में कुछ यात्रियों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सांसद ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

उन्होंने रेल प्रशासन से तत्काल मुआवजे की घोषणा करने का आग्रह किया है। श्रीमती महंत ने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना रेल व्यवस्था की कमियों को उजागर करती है। मेमू ट्रेन का मालगाड़ी पर चढ़ना स्पष्ट रूप से लापरवाही का परिणाम है। क्या यह सिस्टम की खामी है या मानवीय भूल? इसकी गहन जांच होनी चाहिए, साथ ही दोषियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाए।”

सांसद ने छत्तीसगढ़ सहित देशभर में बार-बार हो रहे रेल हादसों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एक ओर ट्रेन सेवाओं में कटौती हो रही है, यात्री सुविधाओं को सीमित किया जा रहा है, वहीं रेलवे का पूरा ध्यान कोयला और माल ढुलाई पर केंद्रित है। “यदि रेलवे कोई रिकॉर्ड बना रहा है, तो वह दुर्घटनाओं का ही है।

सरकार के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को इन घटनाओं की व्यावहारिक समीक्षा कर ठोस समाधान खोजने चाहिए।” उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसी घटनाएं न केवल यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठाती हैं, बल्कि पूरे रेल नेटवर्क की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न लगा देती हैं।

स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने भी इस हादसे को लेकर रेलवे की ओर से सुरक्षा मानकों में ढील बरतने का आरोप लगाया है।

सांसद ने आश्वासन दिया कि वे इस मामले को संसद में भी उठाएंगी और प्रभावी कदमों के लिए रेल मंत्रालय से बात करेंगी। इस बीच, रेलवे प्रशासन ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं, लेकिन मुआवजे की घोषणा अभी तक नहीं हुई है।