PM मोदी ने छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर सत्य साईं हॉस्पिटल में बच्चों से मुलाकात की, शांति शिखर केंद्र का उद्घाटन किया

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने रायपुर पहुंचे। नवा रायपुर स्थित सत्य साईं हॉस्पिटल में उन्होंने हार्ट सर्जरी करा चुके करीब 2500 बच्चों से मुलाकात की और एक बच्चे को गले लगाकर भावुक पल साझा किया। PM करीब 6 घंटे 45 मिनट तक रायपुर में रहेंगे।


इसके बाद प्रधानमंत्री ब्रह्माकुमारी संस्थान के ‘शांति शिखर’ ध्यान केंद्र पहुंचे और इसका उद्घाटन किया। वे नए विधानसभा भवन तथा डिजिटल जनजातीय संग्रहालय का भी उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद रोड शो करेंगे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने उनका स्वागत किया। PM ने पद्म विभूषण तीजन बाई तथा पद्म भूषण लेखक विनोद कुमार शुक्ल का हालचाल भी जाना।

ब्रह्माकुमारी सेंटर में PM मोदी ने कहा, “आज छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25 साल पूरे कर रहा है। झारखंड और उत्तराखंड के भी 25 वर्ष पूरे हुए हैं। कई अन्य राज्य अपना स्थापना दिवस मना रहे हैं। सभी को बधाई। राज्य के विकास में देश का विकास है। इसी मंत्र पर भारत को विकसित बनाने में ब्रह्माकुमारी जैसी संस्थाओं की बड़ी भूमिका है।”