CGPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2024 का परिणाम घोषित: 643 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए चयनित, 10 नवंबर से साक्षात्कार शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा 2024 का परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर उपलब्ध है।

इस परीक्षा में कुल 643 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए प्रावधिक रूप से चयनित किया गया है।

आयोग के अनुसार, राज्य सेवा परीक्षा 2024 के अंतर्गत 17 सेवाओं के लिए कुल 246 पदों पर भर्ती की जा रही है।

प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के आधार पर 3737 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए चुना गया था। मुख्य परीक्षा 26 से 29 जून 2025 तक सफलतापूर्वक आयोजित की गई।

मुख्य परीक्षा में वर्गवार एवं उपवर्गवार निर्धारित न्यूनतम अर्हकारी अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों की उपलब्धता के आधार पर 643 अभ्यर्थियों का चयन इंटरव्यू के लिए किया गया है। चयनित उम्मीदवारों को सेवाओं के लिए ऑनलाइन प्राथमिकता फॉर्म (preference form) भरना होगा, जिसकी तिथि आयोग अलग से घोषित करेगा।

साक्षात्कार 10 नवंबर से शुरू
आयोग ने साक्षात्कार की तिथि 10 से 20 नवंबर 2025 तक निर्धारित की है। साक्षात्कार का आयोजन छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग कार्यालय, नवा रायपुर (नॉर्थ ब्लॉक, सेक्टर-19, अटल नगर) में होगा।

दस्तावेज सत्यापन अनिवार्य
चयनित अभ्यर्थियों को साक्षात्कार से एक दिन पहले अपने मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। दस्तावेज सत्यापन नहीं कराने वाले उम्मीदवारों को इंटरव्यू में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी।

प्रथम पाली: दस्तावेज सत्यापन सुबह 9:30 बजे, अभ्यर्थी 9:00 बजे तक उपस्थित हों।

द्वितीय पाली: दस्तावेज सत्यापन दोपहर 1:30 बजे, अभ्यर्थी 1:00 बजे तक उपस्थित हों।

आयोग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आगे की प्रक्रिया, तिथियों और दिशा-निर्देशों की नवीनतम जानकारी के लिए नियमित रूप से वेबसाइट www.psc.cg.gov.in का अवलोकन करते रहें।