सतर्कता क्यों जरूरी? कमला नेहरू महाविद्यालय में छात्रों ने निबंध से दिया सशक्त संदेश

कोरबा। एनटीपीसी कोरबा के तत्वावधान में चल रहे सतर्कता जागरुकता सप्ताह 2025 के तहत शुक्रवार को कमला नेहरू महाविद्यालय में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। ‘सतर्कता की आवश्यकता’ विषय पर बीएड, स्नातक, स्नातकोत्तर और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के करीब 40 विद्यार्थियों ने अपने विचार कलमबद्ध किए।

प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कहा, “विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास ही महाविद्यालय, जिला, प्रदेश और देश की प्रगति का आधार है। ऐसी प्रतियोगिताएं ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व निखारने का उत्तम माध्यम हैं।”

कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापकों, प्रतिभागी विद्यार्थियों और कर्मचारियों को एकता और इमानदारी की शपथ दिलाई गई।

एनटीपीसी कोरबा के मानव संसाधन विभाग से कनिष्ठ अधिकारी श्रीमती अर्चना सिंह के साथ महाविद्यालय की सुश्री निकिता अग्रवाल, कविता पटेल, विशुभा सिंह, प्रीति महंत और कुमार पटेल ने सहयोग किया।

एनटीपीसी सप्ताह भर विभिन्न जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, जिसमें यह निबंध स्पर्धा युवा चेतना को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।