रन फॉर यूनिटी: दौड़ में बिगड़ी हालत,पुलिस की ‘ट्रिक’ ने लौटाई जान

कोरबा। सरदार पटेल जयंती पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में उत्साह के बीच एक गंभीर पल भी देखने को मिला। गौमाता चौराहा के पास लंबी दौड़ पूरी करने वाले कुछ धावकों की हालत अचानक बिगड़ गई। अंतिम बिंदु पर पहुंचते ही उन्हें चक्कर, सांस लेने में तकलीफ और असहजता महसूस हुई।

मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने धावकों को सामान्य करने की सरल ट्रिक्स सिखाईं गहरी सांस लेना, आराम की मुद्रा में बैठना और हल्का पानी पीना। साथ ही भविष्य में नियमित अभ्यास की सलाह दी। 15 से 20 मिनट तक देखभाल के बाद सभी धावक सामान्य हो गए, जिसके बाद आयोजकों ने राहत की सांस ली।

फिजिकल ट्रेनर्स ने बताया कि लंबे समय तक अभ्यास न होने के कारण शरीर अचानक दबाव में असफल हो जाता है।

पुलिस की तत्परता और व्यावहारिक सलाह ने स्थिति को संभाल लिया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। आयोजन में यह घटना एक सीख भी बनी कि उत्साह के साथ तैयारी भी जरूरी है।