कोरबा। जिले के कपूरा बाईपास मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को चार ग्राम पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीणों ने जर्जर सड़कों और लगातार हो रहे हादसों के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लगभग 5 घंटे चले चक्काजाम के बाद प्रशासन के आश्वासन पर मार्ग खोला गया।
ग्राम पंचायत लखनपुर, सुतर्रा, विजयपुर और ढेलवाडीह के ग्रामीण जनपद सदस्य के नेतृत्व में एकजुट होकर सड़क पर उतरे। उन्होंने सुतर्रा से सिंघाली तक करीब तीन किलोमीटर जर्जर सड़क की मरम्मत, भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक और रोजाना दो बार पानी का छिड़काव करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क पर गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, हाल ही में एक ग्रामीण की मौत भी हो चुकी है।
ग्रामीण यदुनंदन जायसवाल ने बताया कि पिछले एक साल में कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एक ग्रामीण महिला ने कहा, “धूल और गड्ढों से रोजाना परेशानी होती है, हादसे आम बात हो गए हैं।” ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न हुईं तो और पंचायतें मिलकर उग्र आंदोलन करेंगी।
चक्काजाम के दौरान यात्री बसें, चार पहिया वाहन और बाइक सवार फंस गए, लेकिन आपातकालीन एंबुलेंस को नहीं रोका गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।पोड़ी उपरोड़ा तहसीलदार सुमन मानिकपुरी ने ग्रामीणों से बातचीत की और सड़क मरम्मत जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और मार्ग खुल गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
