पचपेड़ी में फल-फूल रहा अवैध कबाड़ कारोबार: वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान, जांच शुरू

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पचपेड़ी में इन दिनों अवैध कबाड़ का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। बिना किसी सरकारी अनुमति या लाइसेंस के लोहे, तार, पाइप, पुरानी मशीनें, बैटरियां और बिजली उपकरणों की खरीद-बिक्री बड़े पैमाने पर हो रही है। स्थानीय कारोबारियों का दबदबा इतना है कि पूछताछ करने पर वे ‘ऊंचे पहुंच’ का हवाला देकर कार्रवाई से बच जाते हैं।

स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो के वायरल होने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पिकअप और छोटे वाहनों से हर रोजअलग-अलग इलाकों से कबाड़ लाकर पचपेड़ी में जमा किया जा रहा है। यह कारोबार अब पूरी तरह संगठित रूप धारण कर चुका है।

न तो यहां सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है, न ही पर्यावरणीय नियमों का। इसके चलते आसपास के इलाकों में गंदगी और प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है। साथ ही, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों को भी बल मिल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, कबाड़ के नाम पर यहां कई संदिग्ध वस्तुएं भी लाई जा रही हैं, जो चोरी के मामलों से जुड़ी हो सकती हैं। हालांकि, अब तक जिम्मेदार विभागों या स्थानीय पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

कुछ दिनों पहले मानिकपुर चौकी क्षेत्र में भी एक कबाड़ी द्वारा साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) का माल खरीदने का वीडियो वायरल हुआ था। इस घटना पर SECL प्रबंधन ने कबाड़ बेचने वाले चार कर्मचारियों के खिलाफ नोटिस जारी कर कार्रवाई की थी।

शहर में ऐसी कई कबाड़ी दुकानें हैं, जहां बिना किसी जांच के कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। सवाल यह उठता है कि इन स्थानों की जांच की जिम्मेदारी किसकी है और वहां किस प्रकार का माल खरीदा-बेचा जा रहा है? इस पूरे मामले पर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) भूषण एक्का ने कहा, “वायरल वीडियो के आधार पर मामले को संज्ञान में लिया गया है। विधिवत जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस अवैध कारोबार पर लगाम लगाई जाए, ताकि पर्यावरण और सुरक्षा को खतरा न हो। प्रशासन की ओर से अब सबकी निगाहें जांच के नतीजों पर टिकी हैं।