SIR में BLO ध्यान दें: कोई पात्र मतदाता न छूटे, कोई अपात्र न रहे – कलेक्टर ने विद्युत गृह विद्यालय में प्रशिक्षण का किया निरीक्षण

कोरबा। भारत एवं छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वर्ष 2025-26 के लिए मतदाता सूची के वार्षिक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की तिथियां घोषित हो चुकी हैं। जिले में 03 नवंबर तक प्रपत्र प्रिंटिंग एवं प्रशिक्षण पूरा होगा, इसके बाद 04 नवंबर से 04 दिसंबर तक बीएलओ डोर-टू-डोर सर्वे करेंगे।

इसी क्रम में कलेक्टर अजीत वसंत ने आज विद्युत गृह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधानसभा क्षेत्र 21 (कोरबा) के बीएलओ को दिए जा रहे SIR प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से कहा, “कोई पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे, कोई अपात्र का नाम न रहे। SIR में आपकी भूमिका अहम है। प्रशिक्षण में विशेष ध्यान दें, बारीकियां गहराई से समझें और जमीनी समस्याओं का समाधान लें।”

एसडीएम सरोज महिलांगे, मास्टर ट्रेनर गौरव शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण में मुख्य बिंदु:
बीएलओ प्रत्येक घर में गणना पत्रक की दो प्रतियां बांटेंगे, भरने में मदद करेंगे।
अनुपस्थित मतदाता के लिए पत्रक छोड़कर दरवाजे पर सूचना चिपकाएंगे (तीन बार वापसी की तिथियां अंकित)।
एक प्रति बीएलओ रखेंगे, दूसरी पर पावती देंगे।
पूर्व-मुद्रित पत्रक में मतदाता जानकारी होगी।

मतदाता वर्गीकरण एवं दस्तावेज:
सामान्य मतदाता (2003 एवं 2025 दोनों सूचियों में नाम): कोई दस्तावेज नहीं।
2025 में नाम, 2003 में नहीं (रिश्तेदार का नाम 2003 में हो): 2003 सूची का स्क्रीनशॉट।
जन्म 1 जुलाई 1987 से पहले, 2003 में नाम नहीं: 12 विहित दस्तावेजों में से एक।
जन्म 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच: स्वयं का एक + माता/पिता में से एक दस्तावेज।
जन्म 2 दिसंबर 2004 के बाद: स्वयं का एक + माता-पिता दोनों के दस्तावेज।

जिले की सभी विधानसभाओं में बीएलओ प्रशिक्षण जारी है।