राज्योत्सव रजत जयंती की तैयारियां जोरों पर: कलेक्टर-SP नेअम्बेडकर ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर दिए निर्देश

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर कोरबा जिले में रजत जयंती राज्योत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। घंटाघर क्षेत्र के ओपन ऑडिटोरियम में तीन दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं।

गुरुवार को कलेक्टर अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को गरिमा, सौंदर्य और अनुशासन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

इस बार स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बाहर से बड़े बजट वाले कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है। निरीक्षण के दौरान मंच निर्माण, साउंड सिस्टम, लाइटिंग, बैरिकेटिंग, दर्शक दीर्घा, वीआईपी व्यवस्था, कलाकारों के ठहरने-भोजन और आवास की जांच की गई। पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग और विभागीय स्टालों के लिए रूट प्लान तैयार करने के आदेश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर दिया। राज्योत्सव को प्रदेश की गौरवमयी यात्रा का प्रतीक बताते हुए उत्कृष्ट स्तर की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा।

मौके पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, नगर निगम अपर आयुक्त विनय मिश्रा, पीडब्ल्यूडी ईई जी.आर. जांगड़े, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।