धान खरीदी में किसानों को नहीं होगी परेशानी: कलेक्टर ने 65 केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

कोरबा। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीदी की प्रारंभिक तैयारियों को लेकर कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि 15 नवंबर 2025 से धान खरीदी कार्य प्रारंभ होगा। जिले की 41 सहकारी समितियों के 65 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान उपार्जन किया जाएगा। सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरा सहित चेकलिस्ट में निर्धारित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एग्रीस्टेक पोर्टल में सभी पात्र किसानों का अनिवार्य पंजीयन कराने, पंजीयन में संवेदनशीलता बरतने तथा शासन स्तर की समस्याओं को राज्य शासन को सूचित करने के आदेश दिए।

इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर ओंकार यादव, सभी एसडीएम, खाद्य, विपणन, नॉन, सहकारी समिति, कृषि विभाग के अधिकारी तथा राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।