युवती से नहीं संभली कार, जा चढ़ी डिवाइडर पर

कोरबा। घंटाघर मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम हुए हादसे में एक कार काफी तेज रफ्तार के चक्कर में डिवाइडर पर जा चढ़ी। दुर्घटना में उसके नीचे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है। आरोही नामक युवती इस वाहन को चला रही थी।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत निहारिका वर्धमान ज्वैलर्स के सामने शाम 4.30 बजे यह घटना हुई। कोरबा जिला पासिंग काले रंग की कार को युवती चला रही थी। उसमें दो और युवती पीछे बैठी हुई थी। इस रास्ते से निकलने के दौरान कार चालक का स्टेयरिंग पर से नियंत्रण कमजोर हुआ और वह सडक़ के बजाय डिवाइडर की रेलिंग पर जा चढ़ी।

उसने इससे पहले डिवाइडर को नुकसान पहुंचाया। हादसे के दौरान हुई आवाज को आसपास के लोगों ने सुना जबकि इस रास्ते पर आवागमन कर रहे अन्य चालक सकते में आ गए।

दुर्घटनाग्रस्त कार कुछ देर तक मौके पर फंसी रही। बाद में पुलिस और अन्य लोगों के सहयोग से उसे हटाया गया।

बताया गया कि काफी महंगी इस कार के नीचे का हिस्सा के अलावा फ्रंट एरिया को काफी नुकसान हुआ है। घटना क्यों हुई इस बारे में अधिकृत जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने नियमों के अंतर्गत वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज करने की बात कही है।