ट्यूशन शिक्षक ने नाबालिग छात्रा से की छेड़छाड़, पुलिस ने POCSO के तहत मामला किया दर्ज,आरोपी फरार             

कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक निजी स्कूल का विवाहित शिक्षक ट्यूशन के बहाने अपनी 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करता पकड़ा गया।

पीड़िता ने घटना के बाद घर जाकर परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजन सिविल लाइन थाने पहुंचे। पुलिस ने POCSO एक्ट सहित छेड़छाड़ और यौन शोषण की धाराओं के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, खरमोरा कॉलोनी निवासी आरोपी शिक्षक घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता था। सातवीं कक्षा की छात्रा रोज की तरह ट्यूशन के लिए गई। पढ़ाई समाप्त होने पर अन्य बच्चे चले गए, तब आरोपी ने छात्रा को रोककर कहा कि वह उसे कुछ समझाना चाहता है। इसी दौरान उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। छात्रा किसी तरह भागकर घर पहुंची और रोते हुए परिजनों को सारी घटना बता दी।

सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि ट्यूशन के दौरान नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी फरार है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही गिरफ्तारी कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि आरोपी के बारे में कोई जानकारी हो तो थाने में सूचित करें।घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश फैल गया है।

स्थानीय निवासियों ने गुरु-शिष्य संबंध को कलंकित करने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की है। यह मामला छत्तीसगढ़ में शिक्षकों द्वारा नाबालिगों के शोषण के बढ़ते मामलों पर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के बच्चे भी हैं, फिर भी उसने ऐसा घिनौना कृत्य किया।