धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू, दो चरणों में कर्मियों को प्रशिक्षण

कोरबा। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू होगी। जिले में 41 सहकारी समितियों के अंतर्गत 65 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान की खरीदी की जाएगी।

उपार्जन कार्य की सफलता सुनिश्चित करने के लिए कर्मियों को दो चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

धान उपार्जन केंद्रों में प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में बैठकें आयोजित होंगी, जबकि जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में प्रशिक्षण होगा।

30 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैठक सह प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा,जिसमें सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व,उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, उप संचालक कृषि, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम, जिला विपणन अधिकारी, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक,मंडी सचिव,सभी नोडल अधिकारी धान उपार्जन केंद्र, समिति प्रबंधक और फड़ प्रभारी आदिम जाति सेवा सहकारी समिति शामिल होंगे।

इसके बाद 31 अक्टूबर को अनुविभाग स्तर पर प्रशिक्षण होगा, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी सहित अन्य कर्मी भाग लेंगे। इन बैठकों में धान खरीदी केंद्रों में चेकलिस्ट के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी।