नर्सिंग होम एक्ट पालन पर सख्ती: जिले भर में जांच के निर्देश

कोरबा। जिले में संचालित नर्सिंग होमों द्वारा नर्सिंग होम एक्ट एवं सरकारी मानकों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी गहन जांच होगी। कलेक्टर अजीत वसंत ने स्वास्थ्य एवं स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को कोरबा शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के सभी नर्सिंग होमों की स्थिति जांचने के सख्त निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

समय सीमा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि निर्धारित मानकों का पालन न करने वाले नर्सिंग होमों के खिलाफ कार्रवाई तय की जाए। साथ ही, आगामी जिला स्तरीय राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रस्तुतियों की गुणवत्ता पहले ही जांचने, आमंत्रित समूहों की व्यवस्था एवं विवाद रहित आयोजन पर जोर दिया।

प्रशासन ने सभी विभागों में ई-ऑफिस लागू करने, फाइलों को ई-ऑफिस से ही आगे बढ़ाने एवं कर्मचारियों को एनआईसी से तकनीकी प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए।

आयुष विभाग को पॉलीक्लिनिक में शीघ्र ओपीडी एवं आईपीडी सेवा शुरू करने हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया। विभिन्न विभागों में लंबित समय सीमा प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के भी आदेश दिए गए।

बैठक में एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।