कोरबा।जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों की दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजनों के साथ सुरक्षा कर्मियों ने बदतमीजी और मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने आए मरीज के घायल होने से परिजनों में गुस्सा है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से शिकायत दर्ज करने के साथ-साथ दोषी कर्मियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, निहारिका चौक निवासी 55 वर्षीय कालीचरण बंजारे और उनकी बेटी, दोनों की तबीयत खराब होने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती थे। कालीचरण पुरुष वार्ड में और उनकी बेटी महिला वार्ड में इलाज करा रही थी।
उनकी देखभाल के लिए कालीचरण की पत्नी ऋषि बंजारे अस्पताल में मौजूद थीं। ऋषि अपनी बेटी और पति की देखरेख के लिए दोनों वार्डों के बीच आ-जा रही थीं, जिस पर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने आपत्ति जताई। इसके बाद उन्होंने ऋषि के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की और मारपीट की।
कालीचरण के बेटे आयुष बंजारे ने बताया कि उनकी मां के साथ मारपीट की आवाज सुनकर उनके पिता, जो खुद मरीज हैं, बीच-बचाव करने पहुंचे। इस दौरान उनके हाथ में लगी सुई खिंच गई, जिससे खून बहने लगा। इस घटना से ऋषि की तबीयत बिगड़ गई और उनका ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण उन्हें भी इलाज की जरूरत पड़ी।
परिजनों ने इस अमानवीय व्यवहार की कड़ी निंदा की है।
उनका कहना है कि सुरक्षा कर्मियों का काम मरीजों और उनके परिजनों की मदद करना है, न कि उन पर हमला करना। परिजनों ने मांग की है कि दोषी कर्मियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
अस्पताल प्रबंधन और पुलिस से इस मामले की गहन जांच और उचित कार्रवाई की अपील की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

