छठ पर्व की शुरुआत नहाए खाए के साथ,घाटों की गंदगी दूर करने में जुटे समिति और निगम

कोरबा। पूर्वांचल का प्रमुख पर्व छठ शनिवार को नहाए खाए के साथ शुरू हो गया। रविवार को खरना की रस्म पूरी होगी, जबकि अगले दो दिनों तक कोरबा जिले के विभिन्न छठ घाटों पर सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। पर्व से पहले घाटों पर फैली गंदगी को नगर निगम और पूर्वांचल विकास समिति के संयुक्त प्रयासों से साफ कर व्यवस्थित किया गया।

कुछ दिन पहले महापौर संजू देवी राजपूत और कमिश्नर आशुतोष पाण्डेय ने ढेंगुरनाला सहित कई घाटों का निरीक्षण किया था, जहां गंदगी और अव्यवस्था देखी गई। इसके बाद सफाई अभियान तेज कर दिया गया। बालकोनगर के बेलगरी नाला छठ घाट की सफाई के लिए स्थानीय अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने अपनी जेसीबी लगाई।

दर्री के छठ घाट को साफ करने में पूर्वांचल विकास समिति के सदस्य मो. केसर ने अपने संसाधन उपलब्ध कराए। हालांकि, दर्री के एक अन्य घाट के पास जल संसाधन विभाग का गेट होने से कुछ दिक्कतें बनी हुई हैं।

कोरबा के सर्वमंगला छठ घाट को व्यवस्थित करने में समिति के संरक्षक आरए पाण्डेय और उनकी टीम ने सराहनीय कार्य किया।

नगर निगम और पूर्वांचल विकास समिति के सक्रिय सदस्यों ने सभी घाटों को बेहतर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

नहाए खाए से शुरू हुआ यह पर्व खरना के बाद सूर्य को अस्त और उदय के समय अर्घ्य अर्पण के साथ संपन्न होगा।