केवी शिक्षिका की क्रूरता: दूसरी कक्षा के छात्र के कान में चोट, परिवार ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

कोरबा। जिले के गोपालपुर स्थित केंद्रीय विद्यालय संख्या 4 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कक्षा दूसरी के छात्र शौर्य श्रीवास के साथ क्लास टीचर चंचल ने कथित तौर पर क्रूरता से मारपीट की, जिससे छात्र के कान में गंभीर चोट लग गई। दर्द से कराहते शौर्य ने स्कूल जाना बंद कर दिया था। उपचार के बाद जब वह किसी तरह स्कूल लौटा, तो फिर से उसी शिक्षिका द्वारा पीटा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के पिता संजय श्रीवास और परिजनों में आक्रोश की लहर दौड़ गई। उन्होंने चाइल्ड लाइन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला बाल कल्याण समिति के समक्ष पहुंचा है।

संजय श्रीवास ने बताया कि शिक्षिका चंचल किसी अधिकारी की पुत्री होने के कारण अपनी मनमानी पर उतारू हो गई है और बच्चों के प्रति उसकी क्रूरता बढ़ती जा रही है। “पिछले दिनों शिक्षिका ने अभद्रता की, जब शौर्य ने इसकी शिकायत की तो होमवर्क के बहाने उसे थप्पड़ मार दिया।

हमने प्राचार्य से शिकायत की, लेकिन उन्होंने क्लास टीचर का मामला बताकर टाल दिया। इससे नाराज होकर शिक्षिका ने फिर से मारपीट की, जिसमें शौर्य के कान को नुकसान पहुंचा। बच्चे का मनोबल पूरी तरह टूट चुका है,” संजय ने दर्द भरे लहजे में कहा।

परिजनों का आरोप है कि शिक्षिका का व्यवहार न केवल शारीरिक रूप से हानिकारक है, बल्कि बच्चे के मानसिक स्वास्थ्य पर भी गहरा असर डाल रहा है। संजय ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “शिक्षिका चाहे किसी भी परिवार से हो, वह किसी बच्चे के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार नहीं कर सकती। हम इस मामले को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाएंगे और कठोर कार्रवाई की मांग करेंगे। आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।”

केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) के नियमों के तहत शिक्षकों को बच्चों के साथ संवेदनशीलता बरतने का निर्देश होता है, लेकिन ऐसी घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। फिलहाल, बाल कल्याण समिति ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और परिजन न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

यह घटना स्थानीय स्तर पर अभिभावकों में चिंता पैदा कर रही है, जहां स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने की मांग तेज हो गई है।