स्मृति दिवस पर चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कोरबा। राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कोरबा पुलिस लाइन के सामुदायिक भवन में चित्रकला प्रदर्शनी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस परिवार के लगभग 30 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कलाकृतियों के माध्यम से शहीद जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रतियोगिता में बच्चों ने शहीदों के बलिदान, उनकी वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को रंग-बिरंगे चित्रों में उकेरा। भारत माता, शहीद जवानों तथा अन्य वीर नेताओं के चित्र बनाकर उन्होंने नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जगाने का संदेश दिया।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में शहीदों के प्रति सम्मान और पुलिस बल के योगदान को जीवंत रखना था।

प्रतियोगिता के अंत में विजेता बच्चों को सम्मानित किया गया। रक्षित निरीक्षक अनथ राम पैकरा ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित करते हुए कहा, “इन बच्चों की रचनाएं शहीदों की अमर गाथाओं को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का मजबूत माध्यम हैं। यह आयोजन हमें याद दिलाता है कि शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाता।” कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, परिवारजन और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

पुलिस स्मृति दिवस हर वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है, जो 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सेना के साथ संघर्ष में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को समर्पित है।