खनिज निरीक्षक के घर चोरी, लाखों का सामान और नगदी गायब

कोरबा। कोरबा के डिंगापुर में खनिज निरीक्षक खिलावन प्रसाद कुलआर्या के घर दीपावली के दौरान चोरों ने बड़ा हाथ मारा। दीपावली मनाने के लिए राजनांदगांव के डोंडीलोहारा गए निरीक्षक के खाली घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने 19 से 21 अक्टूबर के बीच आलमारी तोड़कर सोने का हार, मंगलसूत्र, कंगन, अंगूठी, चांदी के सामान और भारी मात्रा में नगदी चुरा ली। इस चोरी से लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है।

निरीक्षक को 21 अक्टूबर को कोरबा लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने सिविल लाइन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की।

सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सुरागों के आधार पर जांच शुरू की गई है।

गौरतलब है कि 2020 में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी में डीडी इंटरप्राइजेस के संचालक विकास अग्रवाल के घर भी 30 लाख रुपये की चोरी हुई थी, जो आज तक अनसुलझी है। उस मामले में सात पुलिस टीमें और सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद भी चोरों का सुराग नहीं मिला।

वर्तमान मामले में पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए तेजी से जांच शुरू कर दी है।