शैक्षणिक भ्रमण में छात्रों ने जाना प्रकृति का महत्व

कोरबा।प्रकृति के महत्व और उसकी उपयोगिता को समझाने के लिए रानी लक्ष्मीबाई विद्यालय और एके गुरूकुल के नर्सरी से मिडिल तक के छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्रों ने चकचकवा पहाड़, हनुमानगढ़ी कटघोरा और बहुउद्देशीय हसदेव बांगो बांध परियोजना का दौरा किया।

ये क्षेत्र कोरबा जिले में जैव-विविधता और जल तत्व की प्रचुरता के लिए जाने जाते हैं। भ्रमण के दौरान शिक्षकों ने छात्रों के समूहों की जिम्मेदारी संभाली और उन्हें प्रकृति के महत्व के बारे में बताया।

विद्यालय के संचालक अक्षय दुबे और सहयोगी शिक्षकों ने छात्रों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि प्रकृति से जुड़कर मानव सह-अस्तित्व की सीख लेता है और प्रगति करता है।

उन्होंने छात्रों को प्रकृति का उपकार मानने और उसका संरक्षण करने की प्रेरणा दी। यह भ्रमण शोध छात्रों और वनस्पति की महत्ता जानने के इच्छुक लोगों के लिए भी उपयोगी साबित हुआ।