छत्तीसगढ़ सरयूपारीण द्विज परिषद ने किया शिवराज शर्मा का सम्मान

कोरबा।छत्तीसगढ़ सरयूपारीण द्विज परिषद द्वारा कोरबा के छत्तीसगढ़ इलेक्ट्रिकल जेनरेशन कंपनी सीनियर क्लब में राज्य स्तरीय सामाजिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम और देवी-देवताओं के चित्रों की पूजा-अर्चना व माल्यार्पण के साथ हुआ।

पुरोहितों द्वारा मंगलाचरण की प्रस्तुति दी गई। अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सामाजिक सद्भाव, एकता और अनुशासन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज अपनी कर्मठता से महान बनता है, जिसके लिए बड़े कार्य और आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करने जरूरी हैं। अतिथियों ने समाज के सदस्यों से सामाजिक सरोकारों को निरंतर बनाए रखने का आह्वान किया ताकि समाज की उपस्थिति हर क्षेत्र में मजबूत हो।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान और राज्यपाल शिक्षक अलंकरण से सम्मानित प्रधान पाठक पंडित शिवराज शर्मा को सम्मानित किया गया।

स्थानीय लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया। अंत में महाआरती और समापन की घोषणा के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।