कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मां मड़वारानी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वाहन खड़ी चढ़ाई पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में छह से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें एक 10 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से चोटिल है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गुमिया से मंदिर की ओर जा रही पिकअप में 30 से 35 श्रद्धालु सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन में क्षमता से अधिक लोग ठूंस-ठूंसकर भरे गए थे, जिसके कारण चढ़ाई पर चालक नियंत्रण खो बैठा।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया और गंभीर रूप से घायल बच्चे को बाइक से अस्पताल पहुंचाया गया।
मां मड़वारानी मंदिर का महत्व
2200 फीट की ऊंचाई पर स्थित मां मड़वारानी मंदिर कोरबा जिला मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर है। पहाड़ की चोटी पर बने इस मंदिर से मनोरम दृश्य दिखाई देता है, जो कोरबा सहित छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों से श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
मंदिर मार्ग पर वाहनों को रोकने के लिए बैरियर होने के बावजूद, कई लोग अपनी गाड़ियां ऊपर ले जा रहे हैं, जिससे ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर साल मां मड़वारानी पर्व के दौरान ऐसी घटनाएं होती हैं, लेकिन पिकअप चालक और वाहन मालिक लापरवाही बरतते हैं। प्रशासन और मंदिर समिति पर भी ठोस व्यवस्था न करने का आरोप लगा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पिकअप चालक, वाहन मालिक और मंदिर समिति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वैकल्पिक सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण की मांग की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















