धमतरी। धमतरी पुलिस ने नगरी में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई नकदी और आभूषण बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मनोज कुमार जैन, निवासी वार्ड क्रमांक 10, नगरी, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 अक्टूबर की रात को उनके परिवार के जैन मंदिर में एक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान उनके घर से 2 लाख 15 हजार रुपये नकद, एक चांदी की करधनी, आठ जोड़ी चांदी की पायल और एक चांदी का सिक्का, कुल 2.65 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हो गई थी। घटना उस समय हुई जब परिवार रात 9:30 बजे घर में ताला लगाकर कार्यक्रम में गया था और 11:30 बजे लौटने पर अलमारी और लॉकर खुले मिले।
मुखबिर की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने तामेन्द्र यादव (19), पुष्पजीत उर्फ जीतू खरे (19) और लक्की गुप्ता (19), सभी निवासी जंगलपारा, नगरी, को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उनके पास से 1 लाख 74 हजार रुपये मूल्य की नकदी और आभूषण बरामद किए। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है, और अन्य संभावित सुरागों की तलाश की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















