कोरबा में अनोखा मामला: जीवित व्यक्ति का फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनाकर SECL में नौकरी हड़पने का आरोप

कोरबा। कोरबा जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक जीवित व्यक्ति को कागजों में ‘मृत’ घोषित कर उसकी जगह किसी और ने नौकरी हासिल कर ली। पाली तहसील के ढोलपुर पथर्री निवासी भोलाराम कुर्मी ने जिला एसपी को शिकायत दर्ज कराई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाकर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) में नौकरी हड़प ली है।

भोलाराम ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी कृषि भूमि, जो जिरहा जेल तहसील दीपका में स्थित थी, SECL कुसमुंडा क्षेत्र द्वारा अधिग्रहित की गई थी। इसके बदले नौकरी का प्रावधान था। लेकिन किसी ने नगर निगम कोरबा से उनका फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाया और उस आधार पर नौकरी ले ली। भोलाराम ने आरटीआई से प्राप्त दस्तावेजों के साथ अपना आधार कार्ड (संख्या: 908984400307) और फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र की कॉपी संलग्न की है। उन्होंने कहा, “मैं जीवित हूं, फिर भी मेरा मृत्यु प्रमाणपत्र कैसे बन गया? यह धोखाधड़ी है, और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।”

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, यह गंभीर धोखाधड़ी का मामला है, जिसमें नगर निगम के रिकॉर्ड्स की जांच की जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए, तो दोषियों के खिलाफ आईपीसी की धाराओं के तहत कार्रवाई हो सकती है। यह घटना भूमि अधिग्रहण और मुआवजे से जुड़ी धोखाधड़ी की बढ़ती प्रवृत्ति को उजागर करती है।

स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई हो ताकि वास्तविक हकदारों को उनका अधिकार मिले।