कोरबा जिले में अवैध कब्जे का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रिसदी के वार्ड नंबर 32 का है, जहां नगर निगम की कीमती जमीन पर राधे यादव नामक व्यक्ति ने रातों-रात पहले दुकान और फिर मकान बनाकर कब्जा कर लिया।
नगर निगम ने पूर्व में कब्जाधारी को नोटिस जारी कर चेतावनी दी थी, लेकिन नोटिस की अनदेखी करते हुए पक्का निर्माण जारी रखने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई।
बीते शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने तहसीलदार डीएस मंडावी की मौजूदगी में रिसदी चौक के पास अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान कब्जाधारी ने विरोध का प्रयास किया, लेकिन टीम प्रभारी इम्तियाज़ खान के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
तहसीलदार डीएस मंडावी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की।
इससे पहले मानिकपुर चौकी क्षेत्र में भी अवैध प्लॉटिंग का मामला सामने आया था, जहां दलालों ने सस्ते दामों में जमीन बेचकर लोगों को ठगा था।
शिकायत पर तहसीलदार की टीम ने जांच के बाद अवैध कब्जा हटाया और नोटिस जारी किए थे।
कोरबा प्रशासन का कहना है कि अवैध कब्जे के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां भविष्य में भी जारी रहेंगी ताकि सरकारी जमीन को अतिक्रमण से बचाया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

