कोरबा। कोरबा जिला प्रशासन ने हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर को उन्नत करने के लिए ज्ञानवर्धक किताबें उपलब्ध कराने की योजना बनाई है, लेकिन नए शैक्षणिक सत्र को शुरू हुए चार महीने बीतने के बाद भी यह योजना लागू नहीं हो पाई है। इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ के 25वें राज्य स्थापना दिवस को भव्य और उत्साहपूर्ण ढंग से मनाने की तैयारियों में प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। कलेक्टर अजीत वसंत ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इन दोनों मुद्दों पर स्पष्ट और समयबद्ध निर्देश जारी किए।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूलों और विद्यार्थियों की संख्या का विस्तृत विवरण तैयार कर ज्ञानवर्धक पुस्तकों की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने का आदेश दिया। साथ ही, छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों की रूपरेखा तैयार करने हेतु जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर सिस्टम इंस्टॉलेशन में तेजी लाने के लिए विद्युत विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अतिरिक्त, 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी की तैयारियों पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने अपर कलेक्टर, एसडीएम और अन्य अधिकारियों को पारदर्शिता और सुचारू व्यवस्था के लिए सतत मॉनिटरिंग करने को कहा। खाद्य अधिकारी को राइस मिलर्स और समितियों के साथ बैठक कर सभी तैयारियां पुख्ता करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने जिले के अति संवेदनशील जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों के घरों में पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर सिस्टम स्थापित करने और इस कार्य में जनपद सीईओ को सहयोग करने का आदेश दिया। इसके अलावा, मातृ वंदना योजना में प्रगति लाने, टीबी जांच और उपचार को बढ़ाने, अपार आईडी पंजीयन में तेजी, आयुष्मान कार्ड वितरण को पूर्ण करने, और आयुर्वेद विभाग को एक सप्ताह के भीतर आईपीडी सेवा शुरू करने के निर्देश दिए गए।
मेडिकल कॉलेज से संबंधित अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग और ई एंड एम विभाग को ताकीद की गई। साथ ही, हरदीबाजार-इमलीछापर और दर्री-बरमपुर सड़क परियोजनाओं में अवरोधों को दूर करने और बंद पड़ी योजनाओं के खाते बंद करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई का आदेश दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल और मनोज कुमार बंजारे, संयुक्त कलेक्टर कौशल तेंदुलकर और माधुरी सोम, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, कोरबा सरोज महिलांगे, पोड़ी उपरोड़ा तुलाराम भारद्वाज, पाली श्रीमती सीमा पात्रे, जनपद सीईओ क्षितिज गुरभेले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















