वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, ओबी डंप और सड़क सुरक्षा को लेकर दिए सतर्कता के निर्देश
कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के निदेशक (तकनीकी संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने कोरबा क्षेत्र में सुरक्षा, कोयला उत्पादन, प्रेषण एवं ओवरबर्डन (ओबी) प्रबंधन की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का सघन दौरा किया। उन्होंने सराईपाली ओसी माइन, मानिकपुर साइलो एवं कुसमुंडा आरएंडआर साइट का निरीक्षण कर खनन गतिविधियों एवं सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
दौरे के दौरान निदेशक (तकनीकी संचालन) ने खदानों में चल रहे खनन कार्य, उत्पादन की स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए सुरक्षित एवं कुशल खनन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कोयला डिस्पैच और रेक लोडिंग की समीक्षा
एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने कोयला प्रेषण प्रणाली एवं आईआर रेक लोडिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डिस्पैच प्रक्रिया में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिना किसी बाधा के सुचारू एवं सुरक्षित कोयला प्रेषण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
ओबी डंप स्लाइड वाले स्थान का निरीक्षण
पिछले दिनों सड़क पर हुए ओवरबर्डन डंप स्लाइड वाले स्थान का भी उन्होंने निरीक्षण किया। बारिश के दौरान ओबी डंप एवं आसपास के क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली संभावित चुनौतियों को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को ओबी डंप की नियमित एवं कड़ी निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सड़क पर आवागमन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने तथा वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
निदेशक (तकनीकी संचालन) ने अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा और उत्पादन के बीच संतुलन बनाए रखते हुए खनन गतिविधियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित किया जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















