ESIC अस्पताल के डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

शासकीय आवास के बाथरूम में मिला शव, शरीर पर चोट के निशान; प्रेम-प्रसंग समेत कई पहलुओं पर पुलिस की जांच

कोरबा। कोरबा स्थित ESIC अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय चिकित्सक डॉ. एल्विन वे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

रविवार शाम अस्पताल परिसर स्थित उनके शासकीय आवास के बाथरूम से उनका शव बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में डॉक्टर के शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से केरल के पालक्काड निवासी डॉ. एल्विन पिछले करीब एक वर्ष से कोरबा ESIC अस्पताल में चिकित्सक के पद पर कार्यरत थे। वे अस्पताल परिसर में मिले शासकीय आवास में अकेले रहते थे। शनिवार सुबह करीब 9 बजे उन्हें ओपीडी में ड्यूटी करनी थी, लेकिन वे अस्पताल नहीं पहुंचे। स्टाफ द्वारा फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।

रविवार शाम करीब 4 बजे अस्पताल स्टाफ ने उनके आवास की खिड़की का कांच तोड़कर भीतर प्रवेश किया। तलाशी के दौरान डॉक्टर का शव बाथरूम में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

तीन दिन पहले माता-पिता को बुलाया था
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से करीब तीन दिन पहले डॉ. एल्विन ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कहते हुए अपने माता-पिता को कोरबा बुलाया था।

शनिवार को उनके माता-पिता कोरबा पहुंचे, लेकिन यहां पहुंचने पर उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की परिस्थितियों को लेकर पुलिस हर संभावित पहलू की जांच कर रही है।

प्रेम-प्रसंग के पहलू की भी जांच
पुलिस जांच में डॉ. एल्विन के पिछले करीब दो वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम संबंध होने की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि अगस्त में कोयंबटूर यात्रा के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ था और इसके बाद संबंधों में तनाव की स्थिति बनी थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच का हिस्सा बनाकर संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।

हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। आत्महत्या, प्रेम-प्रसंग और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, पुलिस द्वारा परिजनों एवं डॉक्टर के परिचितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटनास्थल से मिले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।