तीन विधि से संघर्षरत बालक संरक्षण में, एल्युमिनियम फ्रेम व लोहे का सामान बरामद
कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के मिनीमाता गर्ल्स कॉलेज परिसर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर कॉलेज परिसर से चोरी किया गया एल्युमिनियम एवं लोहे का सामान बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक कॉलेज परिसर में चोरी की घटना सामने आने के बाद मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की और चोरी के सामान तथा आरोपियों के संबंध में लगातार पतासाजी की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची।
निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद
पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एल्युमिनियम के फ्रेम, एल्युमिनियम एवं लोहे का अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सब्बल, पेचकस सहित अन्य औजार भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 699/2026 दर्ज कर धारा 331(4), 305(1), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार वयस्क आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है, वहीं तीन विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस की सक्रियता से हुआ चोरी का खुलासा
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में की गई कार्रवाई में पुलिस टीम ने घटना के बाद लगातार पतासाजी करते हुए आरोपियों की पहचान की। चोरी के सामान की बरामदगी के बाद पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कॉलेज जैसे शिक्षण संस्थान में चोरी की घटना के बाद पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से चोरी का मामला सुलझ गया। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में आगे की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















