जेंजरा बायपास पर ट्रेलर फंसा, 20 घंटे से जाम में थमे सैकड़ों वाहनों के पहिए

दुर्घटनाग्रस्त वाहन हटाने में देरी से बिगड़ी यातायात व्यवस्था, दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतार

कोरबा। कटघोरा-जेंजरा बायपास मार्ग पर एक के बाद एक वाहनों के फंसने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। बायपास पर करीब 20 घंटे से जाम की स्थिति बनी हुई है। मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन खड़ा होने के बाद विपरीत दिशा में एक मालवाहक ट्रेलर के फंस जाने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार, कटघोरा-जेंजरा बायपास पर एक दुर्घटनाग्रस्त वाहन पहले से सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान दूसरी दिशा से आ रहा मालवाहक ट्रेलर क्रमांक सीजी-12 बीई-9313 भी मार्ग पर फंस गया। दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रुकने के बाद जाम लगातार बढ़ता चला गया।

बीती शाम करीब 7 बजे से यातायात प्रभावित होने के कारण लंबी दूरी तय करने वाले ट्रक, ट्रेलर और अन्य मालवाहक वाहनों के साथ यात्री वाहन भी जाम में फंसे रहे।

दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार
बायपास मार्ग भारी एवं लंबी दूरी के वाहनों के लिए महत्वपूर्ण रास्ता है। ऐसे में मार्ग बाधित होने से इसका सीधा असर यातायात पर पड़ा। घंटों तक वाहन आगे नहीं बढ़ सके। जाम में फंसे वाहन चालकों को इंतजार के साथ कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को समय रहते सड़क से हटाने की व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति गंभीर हुई। यदि समय रहते आवश्यक संसाधनों के साथ राहत एवं यातायात अमला मौके पर पहुंचता तो जाम को लंबा खिंचने से रोका जा सकता था।

यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल
करीब 20 घंटे से जारी जाम ने बायपास पर दुर्घटना के बाद यातायात बहाल करने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर फंसे ट्रेलर एवं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने, यातायात सुचारू कराने और जाम में फंसे वाहनों को सुरक्षित निकालने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि जब तक बायपास पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाता, तब तक वैकल्पिक मार्गों पर यातायात प्रबंधन और शहर में भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने की आवश्यकता है। लगातार कई घंटे से जारी जाम के कारण बायपास से गुजरने वाले वाहन चालकों में भी भारी परेशानी और नाराजगी देखी जा रही है।