कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी को मिला शहीद राजीव पांडेय खेल पुरस्कार

खेल दिवस पर रायपुर में हुआ सम्मान, दूसरी बार एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में चयन

कोरबा। कोरबा जिले की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी यादव ने एक बार फिर जिले का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। वर्ष 2025-26 के लिए उनका चयन प्रतिष्ठित शहीद राजीव पांडेय खेल पुरस्कार के लिए किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय खेल अलंकरण समारोह में संजू देवी को सम्मानित किया गया।

पाली विकासखंड के ग्राम केराकछार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय कबड्डी के मैदान तक पहुंची संजू देवी छत्तीसगढ़ की उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने देश को गौरवान्वित किया है। वे कबड्डी विश्व चैंपियन भारतीय महिला टीम की सदस्य रह चुकी हैं।

विश्व कप फाइनल में किया था शानदार प्रदर्शन
नवंबर 2025 में ढाका, बांग्लादेश में आयोजित महिला कबड्डी विश्व कप के फाइनल में संजू देवी भारत की जीत की प्रमुख खिलाड़ियों में रहीं। भारत ने फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे को 35-28 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया था। इस मुकाबले में संजू देवी ने अकेले 16 अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। उनके बेहतरीन खेल के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।

इससे पहले मार्च 2025 में ईरान में आयोजित छठी महिला एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप में भी संजू देवी ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था।

उनके लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी उन्हें रायपुर स्थित अपने निवास पर सम्मानित किया था। राज्य सरकार की ओर से उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव द्वारा उन्हें 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जा चुकी है।

दूसरी बार एशियन गेम्स में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
संजू देवी की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। उनका चयन 2026 एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला कबड्डी टीम में दूसरी बार हुआ है। एशियन गेम्स का आयोजन जापान के आईची-नागोया में 21 से 26 सितंबर तक प्रस्तावित है। भारतीय टीम की ओर से हिस्सा लेने के लिए संजू देवी अगले महीने जापान रवाना होंगी।

शहीद राजीव पांडेय खेल पुरस्कार के लिए चयनित होकर संजू देवी जिले की एकमात्र खिलाड़ी बनी हैं। खेल दिवस पर मिले इस सम्मान से कोरबा के खेल जगत में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि पर खेल संघों, प्रशिक्षकों, खेलप्रेमियों और जिलेवासियों ने बधाई देते हुए आगामी एशियन गेम्स के लिए शुभकामनाएं दी हैं।