दर्री जोन के पांच वार्डों को 1.25 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया भूमिपूजन-लोकार्पण

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन अंतर्गत पांच वार्डों में विकास कार्यों को गति देते हुए करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये के विभिन्न कार्यों की सौगात दी गई। कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिल रहा है।

कोरबा के विकास को लेकर भी लगातार काम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में कोरबा क्षेत्र के लिए करीब 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए गए हैं। इनमें कई कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि अनेक कार्य प्रगति पर हैं और कुछ प्रक्रियाधीन हैं।

उन्होंने कहा कि बारिश समाप्त होते ही शहर एवं उपनगरीय क्षेत्रों में सड़क निर्माण, डामरीकरण और अन्य विकास कार्यों को व्यापक स्तर पर गति दी जाएगी।

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि बारिश के कारण सड़कों के डामरीकरण एवं कायाकल्प के कार्य प्रभावित हुए हैं। मौसम सामान्य होते ही निगम क्षेत्र की सड़कों के सुधार एवं कायाकल्प का कार्य तेजी से कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र में 5000 स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य चल रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 4000 नए आवासों की स्वीकृति भी प्राप्त हुई है।

इन वार्डों में होंगे विकास कार्य
नगर निगम द्वारा दर्री जोन के विभिन्न वार्डों में कई महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

वार्ड क्रमांक 50: दर्री एचटीपीएस कॉलोनी में जनता यूनियन कार्यालय के पास 10 लाख रुपये से अतिरिक्त कक्ष एवं शौचालय निर्माण।

वार्ड क्रमांक 51: स्याहीमुड़ी में 10 लाख रुपये से उप स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन तथा ऊपरपारा बस्ती में 15 लाख रुपये से सामुदायिक भवन निर्माण।

वार्ड क्रमांक 52: अयोध्यापुरी में सीपेट के सामने 15 लाख रुपये से सामुदायिक भवन निर्माण।

वार्ड क्रमांक 58: श्यामनगर साडा कॉलोनी में जैतखाम के पास 25 लाख रुपये से सामुदायिक भवन एवं बाउंड्रीवाल निर्माण।

वार्ड क्रमांक 59: दर्री खालेपारा में 25 लाख रुपये से सार्वजनिक मंच एवं नाली निर्माण।

इसके अलावा वार्ड क्रमांक 58 के सरदार पटेलनगर स्थित सामुदायिक भवन में 25 लाख रुपये की लागत से प्रथम तल एवं अन्य विस्तार कार्य पूर्ण होने पर उसका लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम को सभापति नूतन सिंह ठाकुर एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन ने भी संबोधित किया। इस दौरान एमआईसी सदस्य फिरतराम साहू, सरोज शांडिल्य, पार्षद मुकुंद सिंह कंवर, सीता पटेल, प्रीति दिनेश शर्मा, जनक सिंह राजपूत, पुष्पा कंवर, सुखविंदर कौर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।