उदय 2026 में कोरबा का डंका, समाजसेवा के उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार

महावीर जैन के नेतृत्व में स्वास्थ्य एवं जनसेवा के कार्यों को प्रदेश स्तर पर मिली सराहना

कोरबा। समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए कोरबा जिले को उदय 2026 राज्य अधिवेशन में सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

जिले की टीम द्वारा सेवा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों को प्रदेश स्तर पर सराहना मिली। इस सम्मान से कोरबा जिले के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

कोरबा जिले के अध्यक्ष महावीर जैन को उनके नेतृत्व में किए गए उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार प्रदान किया गया। उदय 2026 राज्य अधिवेशन में अंतर्राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ दिव्यांग विकास निगम के अध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) वीर लोकेश कावड़िया एवं मीसो प्रदेश अध्यक्ष वीर राजेंद्र जैन ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

यह पुरस्कार केवल किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि कोरबा जिले की पूरी टीम की मेहनत, सेवा भावना और समर्पण का सम्मान है। जिले की टीम द्वारा समाज हित में लगातार किए जा रहे कार्यों ने प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

अपोलो हॉस्पिटल के सहयोग से स्वास्थ्य व आई कैंप
कोरबा जिले द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में विभिन्न सराहनीय कार्य किए गए हैं। इनमें विशेष रूप से अपोलो हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित स्वास्थ्य शिविर एवं आई कैंप उल्लेखनीय रहा।

शिविर में जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य एवं नेत्र संबंधी जांच की गई तथा उपचार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। समाजहित से जुड़े इन प्रयासों की प्रदेश स्तर पर विशेष सराहना हुई।

15 से 20 सदस्य हुए अधिवेशन में शामिल
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के अवसर पर कोरबा जिले से करीब 15 से 20 सदस्य राज्य अधिवेशन में शामिल हुए। इनमें महावीर जैन, पीयूष जैन, अमित जैन, नीरज जायसवाल, प्रकाश कोचर, गौतम जैन एवं संतोष जैन सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सम्मान पूरी टीम को समर्पित : महावीर जैन
महावीर जैन ने कहा कि यह पुरस्कार व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि कोरबा जिले की पूरी टीम और उन सभी समाजसेवियों को समर्पित है, जिन्होंने सेवा कार्यों में अपना योगदान दिया। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से समाजसेवा के प्रति जिम्मेदारी और बढ़ी है। भविष्य में कोरबा जिले की टीम द्वारा समाजहित एवं जनसेवा के कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रदेश स्तर पर कोरबा जिले को मिला यह सम्मान सामाजिक क्षेत्र में जिले की सक्रियता और उत्कृष्ट कार्यों की पहचान को मजबूत करता है। पुरस्कार मिलने से जिले के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है तथा उन्होंने भविष्य में भी सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।