दीपावली से पहले जिले में फूड सेफ्टी विभाग की सख्ती, मिठाई-तेल समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए

कोरबा। दीपावली और छठ पूजा जैसे प्रमुख त्योहारों के नजदीक आते ही कोरबा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ मुहिम तेज कर दी है। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए विभाग की टीम ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई शुरू की है। इस दौरान कई दुकानों, डेयरियों और होटलों से खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए रायपुर की स्टेट लैबोरेट्री भेजा जा रहा है।

विभाग ने दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर खाद्य अपमिश्रण रोकने के लिए सैंपलिंग अभियान शुरू किया है।

कार्रवाई के तहत रंजय कैंटीन (100 बेड) से पानी, संजय जनरल स्टोर (जमनीपाली) से टोस्ट और आटा, शिवम् जनरल स्टोर (जमनीपाली) से सोयाबीन तेल, शांति ट्रेडर्स (इतवारी बाजार) से मैंगो कैंडी और टोस्ट, किशन ट्रेडर्स (इतवारी बाजार) से बिस्कुट और कुकीज, बंकिमोगरा स्थित बुलबुल सेल्स से पानी, राजू होटल से चिकन बिरयानी और वेज बिरयानी, उरगा स्थित सुनीता डेयरी से पनीर, तथा शुभम् डेयरी से बूंदी और कलाकंद के नमूने लिए गए हैं।

इन सैंपलों को सील कर जांच के लिए रायपुर भेजा गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि सभी दुकानदारों और खाद्य विक्रेताओं को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) के मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। त्योहारी सीजन में मिठाइयों, खाद्य तेल, दूध उत्पादों और पैकेज्ड फूड पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का मकसद उपभोक्ताओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है, ताकि त्योहारों का उत्साह बरकरार रहे।