बिहार चुनाव प्रचार के लिए मंत्री लखनलाल देवांगन तरैया पहुंचे, तीन दिन जनसंपर्क अभियान चलाएंगे

कोरबा। जर्मनी और स्विट्जरलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक समिट में भाग लेने के बाद छत्तीसगढ़ लौटे कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तुरंत मैदान में उतार दिया गया है। बुधवार सुबह पटना पहुंचे देवांगन ने कैबिनेट मंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी नितिन नबीन से मुलाकात कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए। वे अगले सात दिनों तक बिहार में रहेंगे और चुनावी तैयारियों में जुटे रहेंगे।


बिहार चुनाव प्रचार के तहत देवांगन को छपरा जिले के तरैया विधानसभा क्षेत्र में जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे 14 से 17 अक्टूबर तक यहां सक्रिय रहेंगे, जिसमें 14, 15 और 16 अक्टूबर को विशेष रूप से जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान वे स्थानीय समीकरणों को समझने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों, प्रवासी बिहारियों की स्थिति और बिहार चुनाव के संदर्भ में इसके महत्व को जन-जन तक पहुंचाएंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अगले महीने होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए देवांगन को अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी अतिरिक्त दायित्व सौंपा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि देवांगन के साथ बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और प्रफुल्ल तिवारी भी बिहार में डेरा डाले हुए हैं। वे विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार गतिविधियों का संयोजन कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ से बिहार के प्रवासियों के मुद्दों को जोड़कर भाजपा मजबूत संदेश देने की रणनीति पर काम कर रही है।

देवांगन की सक्रियता से स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ है, जो आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी।