सड़कों की दुर्दशा के खिलाफ 16 अक्टूबर को विशाल धरना, 24 से शुरू होगा गड्ढा नामकरण अभियान

कोरबा में सड़कों की जर्जर हालत और प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ जनता का गुस्सा अब सड़कों पर उतरने को तैयार है। गौमाता चौक, ईमलीछापर चौक और कटघोरा रोड सहित शहर की प्रमुख सड़कों की बदहाली को लेकर 16 अक्टूबर को ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से सड़कों की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम न उठाए जाने के विरोध में लिया गया है।

एक सप्ताह पहले जिला कलेक्टर और निगम आयुक्त को सड़कों की मरम्मत के लिए पत्र सौंपा गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके जवाब में कोरबा की जनता और सामाजिक संगठनों ने मिलकर आंदोलन का फैसला किया है।

धरने के साथ ही 24 अक्टूबर से शहर भर में “गड्ढा नामकरण अभियान” शुरू होगा, जिसमें जर्जर सड़कों और गड्ढों के पास दोषी अधिकारियों के नाम पर पूजन कर उनका नामकरण किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य सड़कों की दुर्दशा के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को जनता के सामने लाना है।

नागरिकों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और एसईसीएल जैसे विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ रहे हैं।

नगर निगम सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने कहा कि सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए जनता त्रस्त है, लेकिन अधिकारियों द्वारा निर्वाचित पार्षदों की शिकायतों को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। त्योहारी सीजन में धूल और गड्ढों से भरी सड़कों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

सोशल मीडिया पर भी जनता अपनी पीड़ा व्यक्त कर रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई जवाब नहीं मिल रहा।

आंदोलनकारी चेतावनी दे रहे हैं कि धरना और गड्ढा नामकरण अभियान के बाद भी यदि सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो चक्काजाम और अनशन जैसे कड़े कदम उठाए जाएंगे।